Thursday, 18 December 2025

नेशनल हेराल्ड प्रकरण पर टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर तीखा हमला—'जब-जब तानाशाह डरता है, पुलिस को आगे करता है'


नेशनल हेराल्ड प्रकरण पर टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर तीखा हमला—'जब-जब तानाशाह डरता है, पुलिस को आगे करता है'

जयपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में अदालती फैसले के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बुधवार को भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड केस में "मुंह की खाने" के बाद भाजपा सरकार कांग्रेस के शांतिपूर्ण आंदोलन से इतनी भयभीत है कि उसने पूरे प्रदेश की पुलिस फोर्स को ढाल की तरह इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

जूली ने कहा कि राजधानी जयपुर में कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए भाजपा ने प्रदेश कार्यालय और आसपास के क्षेत्र को "पुलिस छावनी" में बदल दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन विपक्ष का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन भाजपा सरकार ने डर के मारे पूरी पुलिस लगा दी। जिन पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था संभालनी चाहिए थी, वे कांग्रेस को रोकने में लगे रहे। यह डर अच्छा है, क्योंकि इतिहास बताता है कि जब-जब तानाशाह डरता है, पुलिस को आगे करता है।"

कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी झड़प देखने को मिली। बैरिकेड तोड़े जाने की कोशिश पर पुलिस ने लाठियों से रोकने का प्रयास किया, जिससे कई कार्यकर्ता असंतुलित होकर गिर पड़े।

टीकाराम जूली ने केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध में ईडी जैसी एजेंसियों का "नंगा दुरुपयोग" कर रही है। "सोनिया गांधी और राहुल गांधी से 55-55 घंटे पूछताछ कर उन्हें परेशान किया गया, लेकिन अदालत ने ही स्पष्ट कर दिया कि ईडी का केस बनता ही नहीं है। जब न्यायपालिका ने सरकार की साजिश को उजागर कर दिया, उसके बाद भी भाजपा वही दमनकारी रवैया अपनाए हुए है।"

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा चाहे कितनी ही बार कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले, कांग्रेस सत्य और संघर्ष के रास्ते से पीछे नहीं हटेगी। “हम राहुल गांधी के सिपाही हैं। हमारा मंत्र है—‘डरो मत’। पुलिस का पहरा उन्हें दिखाएं जो डरते हैं; हम सत्याग्रही हैं।”

जूली ने कहा कि जनता अब देख चुकी है कि भाजपा सत्ता के अहंकार में एजेंसियों को हथियार बनाकर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता की लड़ाई लड़ने के लिए पहले से अधिक दृढ़ है। बुधवार को हुए प्रदर्शन में कांग्रेस के विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

Previous
Next

Related Posts