Sunday, 14 September 2025

देश के 144 करोड़ लोगों को मोदी का दिवाली तोहफा: 22 सितंबर से लागू होंगे जीएसटी नेक्स्ट जेन सुधार: घनश्याम तिवाड़ी


देश के 144 करोड़ लोगों को मोदी का दिवाली तोहफा: 22 सितंबर से लागू होंगे जीएसटी नेक्स्ट जेन सुधार: घनश्याम तिवाड़ी

जयपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर, नवरात्रि से देश में जीएसटी नेक्स्ट जेन सुधार लागू होंगे, जो हर वर्ग के लिए राहतकारी साबित होंगे।

सांसद तिवाड़ी ने कहा कि यह मोदी युग वास्तव में “क्रांति और सुधार का युग” है। प्रधानमंत्री ने सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और अब कर सुधार के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि पहले जीएसटी में 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत की चार टैक्स स्लैब थीं, लेकिन अब इन्हें घटाकर केवल 5 प्रतिशत और 12 प्रतिशत स्लैब रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इस सुधार के बाद रोज़मर्रा की ज़रूरतें जैसे चाय, दूध, दही, आटा, चावल, तेल, इडली-डोसा, चॉकलेट और मिठाइयाँ या तो टैक्स-फ्री हो जाएंगी या न्यूनतम दर पर उपलब्ध होंगी। वहीं, आवश्यक दवाइयाँ पूरी तरह टैक्स मुक्त होंगी और मेडिकल उपकरणों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है। कपड़ा उद्योग, कृषि उपकरण और वाहनों की खरीद पर भी लोगों को सीधी राहत मिलेगी।

तिवाड़ी ने कहा कि मोदी सरकार ने जहां आवश्यक वस्तुएं सस्ती की हैं, वहीं विलासिता की वस्तुओं पर 40% तक टैक्स लगाकर आर्थिक संतुलन बनाया है। उन्होंने इसे “आर्थिक विकास का स्वर्णिम युग” बताया।

सांसद ने कहा कि भाजपा प्रदेश और जिला स्तर पर समितियां बनाकर जीएसटी नेक्स्ट जेन रिफॉर्म्स पर जागरूकता अभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य है कि किसान, महिला, युवा, व्यापारी और उद्योगपति—हर वर्ग को इन सुधारों की जानकारी मिल सके।

उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने एक बार कहा था कि केंद्र से 1 रुपया जारी होता है तो जनता तक केवल 15 पैसे पहुंचते हैं। लेकिन मोदी सरकार ने तकनीकी और डीबीटी के जरिए हर लाभ सीधे लाभार्थी तक पहुँचाया है।

सांसद तिवाड़ी ने नवरात्रि और दिवाली को लेकर भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “इस बार मातारानी गज पर सवार होकर आ रही हैं, इससे जमाना अच्छा होगा, व्यापार में तेजी आएगी और मोदी जी का जीएसटी सुधार इसमें सहायक सिद्ध होगा।”

Previous
Next

Related Posts