Sunday, 14 September 2025

पीएम मोदी ने मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी–सायरंग का उद्घाटन किया, नॉर्थ ईस्ट को ₹ 36,500 करोड़ की सौगात


पीएम मोदी ने मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी–सायरंग का उद्घाटन किया, नॉर्थ ईस्ट को ₹ 36,500 करोड़ की सौगात

आईजोल/गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मिजोरम की पहली रेल लाइन बैराबी–सायरंग का उद्घाटन किया। 51 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना के शुरू होने से मिजोरम अब दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से सीधे रेल मार्ग से जुड़ गया है। यह राज्य के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, क्योंकि अब तक यहां रेल कनेक्टिविटी नहीं थी।

इस रेलवे रूट की विशेषता यह है कि इसमें 45 सुरंगें, 88 छोटे और 55 बड़े पुल शामिल हैं। इसके अलावा, इस रूट पर बना 114 मीटर ऊंचा पियर ब्रिज देश का दूसरा सबसे ऊंचा ब्रिज है, जो दिल्ली के कुतुब मीनार (72 मीटर) से भी ऊंचा है।

मिजोरम के आईजोल में पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय तक कुछ राजनीतिक दलों ने वोट बैंक की राजनीति करते हुए मिजोरम और पूर्वोत्तर को नज़रअंदाज़ किया। लेकिन आज मिजोरम विकास की फ्रंटलाइन में खड़ा है। 

यह कार्यक्रम पीएम मोदी  के दो दिवसीय नॉर्थ ईस्ट दौरे का हिस्सा था। सुबह वे मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पहुंचे और यहां ₹ 9,000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास किया। इसके बाद वे मणिपुर पहुंचे, जहां चुराचांदपुर और इंफाल में कुल ₹8,500 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

शाम को पीएम मोदी असम के गुवाहाटी पहुंचे और भूपेन हजारिका जन्म शताब्दी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रोड शो भी किया और कार से जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री रात को स्टेट गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और रविवार को दरांग जिले से ₹19,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस तरह पीएम मोदी ने नॉर्थ ईस्ट राज्यों को कुल मिलाकर ₹36,500 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है।

Previous
Next

Related Posts