


मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों का परिणाम 4 जून को आएगा। साथ ही, बागीदौरा विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। प्रदेश में 29 स्थानों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्य में मतगणना के संबंध में सभी तैयारियों पूरी कर ली गईं हैं। पर्याप्त संख्या में मतगणना कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर उनको प्रशिक्षित किया जा चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ताने बताया कि सबसे पहले सुबह 8 बजे से पोस्टल बैलेट के माध्यम से डाले गए मतों की गणना प्रारंभ की जाएगी, इसके लिए कुल 63 कक्ष बनाए गए हैं। इसके बाद 8.30 बजे से ईवीएम के मतों की गिनती शुरू की जाएगी, इसके लिए कुल 235 कक्ष होंगे। ईवीएम के मतों की गणना के लिए 2,713 टेबल्स और पोस्टल बैलेट एवं ईटीबीपीएस से डाले गए मतों की गणना के लिए 841 टेबल्स लगाई जाएंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना कुल 4,033 राउंड में होगी। सबसे अधिक कुल 206 राउंड राजसमंद और सबसे कम कुल 143 राउंड बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में होंगे। मतों की गिनती विधान सभा क्षेत्रवार होगी, जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के जोधपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 13 राउंड और राजसमंद लोकसभा क्षेत्र के मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 28 राउंड की मतगणना होगी।
लोकसभा क्षेत्रवार कुल राउंड: राजसमंद : 206, झालावाड़-बारां : 186, जालोर : 181, झुंझुनूं : 177, करौली-धौलपुर : 169, चित्तौड़गढ़ : 169, बांसवाड़ा : 167, उदयपुर : 166, पाली : 165, भीलवाड़ा : 163, जयपुर ग्रामीण : 161, दौसा : 158, चूरू : 157, कोटा : 156, जोधपुर : 155, गंगानगर : 148, अलवर : 153, नागौर : 153, सीकर : 152, जयपुर : 151, बाड़मेर : 151, टोंक-सवाई माधोपुर : 150, भरतपुर : 148, अजमेर : 148, बीकानेर : 143 राउंड होंगे।
ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 469 टेबल्स
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया की भारत सेवा मतदाता निर्वाचन आयोग के इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट मैनेजमेंट सिस्टम (इटीपीबीएमएस) के द्वारा मतदान कर रहे हैं। अब तक 70 हजार से अधिक मत डाले गए हैं। 4 जून को प्रातः 8 बजे से पहले संबंधित आरओ को प्राप्त होने वाले ईटीबीपी को मतगणना में शामिल किया जा सकेगा। ईटीपीबीएमएस की प्री-काउंटिंग के लिए 35 कक्ष बनाए गए हैं और 469 टेबल्स लगाई जाएंगी। झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के लिए सर्वाधिक 84, अलवर के लिए 56, सीकर के लिए 53 और जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के लिए 48 टेबल्स लगाई जाएंगी।
3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर, 1,200 एआरओ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि मतगणना के लिए रिटर्निंग अधिकारी, उप निर्वाचन अधिकारी, काउंटिंग सुपरवाईजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ और माइक्रो ऑब्जर्वर सहित कुल 13 हजार से अधिक कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। ईवीएम की मतगणना टेबल पर काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग स्टाफ तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इसी प्रकार, पोस्टल बैलेट की गणना टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी, एक काउंटिंग सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। मतगणना टेबल पर अभ्यर्थी के काउंटिंग एजेंट भी रहेंगे। मतगणना टेबल्स के लिए करीब 3,550 माइक्रो ऑब्जर्वर और 1,200 से अधिक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में 56 मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
मतगणना कक्षों में बिना अनुमति नहीं मिलेगा प्रवेश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र में सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी मतगणना स्थलों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी। किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति के कमरे में प्रवेश करने या छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयुक्तालय जयपुर क्षेत्र में 5, जिला अजमेर और भीलवाड़ा में 3-3 तथा सभी मतगणना वाले जिलों में 2-2 आरएसी कंपनी/प्लाटून तैनात रहेंगी। इसके साथ ही, जिन जिलों में मतगणना केंद्र नहीं हैं, वहां भी 1-1 आरएसी कंपनी/प्लाटून तैनात रहेंगी।