



जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के अभिभाषण के साथ बुधवार सुबह राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हुई। अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने सरकार की उपलब्धियों, भावी योजनाओं और विकास के रोडमैप को सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यमुना का पानी राजस्थान लाने के लिए डीपीआर अंतिम चरण में है, जबकि इंदिरा गांधी नहर तंत्र के जीर्णोद्धार पर अब तक 2800 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। नहर से जुड़ी सिंचाई परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि राजस्थान निवेशकों के लिए पहली पसंद बनकर उभरा है। कानून व्यवस्था, उद्योग-अनुकूल वातावरण और स्थिर नीतियों के कारण प्रदेश वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इससे रोजगार और औद्योगिक विकास को गति मिली है।
सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने बताया कि 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पेंशन जरूरतमंदों को दी गई है। राशन की गिव अप योजना के तहत 35 लाख सक्षम लोगों ने स्वेच्छा से लाभ छोड़ा, जिससे वास्तविक पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सका।
युवाओं और खेल के क्षेत्र में सरकार की पहल का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि युवा नीति के साथ एक लाख नई भर्तियों का कैलेंडर जारी किया गया है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। बिहार में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में राजस्थान के खिलाड़ियों ने 24 स्वर्ण पदक सहित कुल 60 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
ऊर्जा और औद्योगिक विकास पर बोलते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने बताया कि राजस्थान की पहली रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स परियोजना पर 63,500 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुका है और यह परियोजना अंतिम चरण में है। घर-घर कुकिंग गैस पहुंचाने के लिए नई कंपनी का गठन किया गया है और अप्रैल से दिसंबर तक 53 हजार से अधिक नए घरेलू गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
ग्रामीण विकास पर जोर देते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि विकसित राजस्थान का सपना तभी साकार होगा जब गांवों में खुशहाली आएगी। विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन (वीबीजीरामजी) कानून से गांवों में स्थायी समितियों का गठन होगा और 125 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि राजस्थान दूध उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है। किसानों को दिन में बिजली देने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है और 22 जिलों में दो ब्लॉक में दिन में बिजली दी जा रही है। कुसुम योजना के तहत किसान सोलर प्लांट लगाकर ऊर्जादाता भी बन रहे हैं।
तकनीकी विकास पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने बताया कि राज्य सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पॉलिसी लागू की है, जिससे राजस्थान आने वाले समय में एआई के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा। राजस्थान डिजिफेस्ट समिट के माध्यम से नवाचार और डिजिटल विकास को बढ़ावा दिया गया है।
अभिभाषण के दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने विधानसभा की गरिमा बनाए रखने पर भी जोर दिया और कहा कि सदन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग कर विकसित राजस्थान और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सभी को योगदान देना चाहिए।
इसी दौरान भरतपुर जिले के बयाना से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत ने अपने ऊपर लगे कमीशनखोरी के आरोपों पर सीबीआई या हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से जनप्रतिनिधियों की छवि धूमिल होती है और सच्चाई सामने आनी चाहिए।