Wednesday, 04 February 2026

कार्य सलाहकार समिति की रिपोर्ट सदन में पेश: राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का समय बढ़ा, 5 फरवरी को मुख्यमंत्री देंगे जवाब


कार्य सलाहकार समिति की रिपोर्ट सदन में पेश: राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का समय बढ़ा, 5 फरवरी को मुख्यमंत्री देंगे जवाब

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रही बहस का समय एक दिन और बढ़ा दिया गया है। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जवाब पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी की बजाय 5 फरवरी को आएगा। यह निर्णय विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति (बीएसी) की बैठक में लिया गया, जिसमें सदन के कार्यकाल और आगामी कार्यसूची पर नए सिरे से विचार किया गया।

बीएसी की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सदन में दी। उन्होंने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा अब 4 और 5 फरवरी को जारी रहेगी और बहस के अंतिम दिन 5 फरवरी को मुख्यमंत्री सदन में अपना जवाब देंगे। पहले यह कार्यक्रम 4 फरवरी के लिए निर्धारित था, जिसे अब संशोधित कर दिया गया है।

नए कार्यक्रम के अनुसार 6 फरवरी से 10 फरवरी तक राजस्थान विधानसभा का अवकाश रहेगा। इसके बाद 11 फरवरी को राज्य का महत्वपूर्ण बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र से पहले अभिभाषण पर बहस को एक अतिरिक्त दिन देने के फैसले को सत्ता और विपक्ष दोनों की ओर से रखे जा रहे विचारों को पर्याप्त समय देने के रूप में देखा जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts