Wednesday, 04 February 2026

एमएलए फंड दुरुपयोग मामले में बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव गिरफ्तार, ईडी की जयपुर यूनिट की बड़ी कार्रवाई


एमएलए फंड दुरुपयोग मामले में बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव गिरफ्तार, ईडी की जयपुर यूनिट की बड़ी कार्रवाई

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को एमएलए लोकल एरिया डेवलपमेंट (MLA LAD) फंड के दुरुपयोग और गबन के मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय की जयपुर क्षेत्रीय इकाई ने की। ईडी अधिकारियों ने मंगलवार रात अलवर जिले में दिल्ली–जयपुर हाईवे पर स्थित शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास से पूर्व विधायक को हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए जयपुर स्थित ईडी कार्यालय लाया गया। यहां विस्तृत पूछताछ के बाद उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई।

ईडी के अनुसार, पूर्व विधायक पर स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि के दुरुपयोग का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि जनवरी 2025 में जयपुर के आठ ठिकानों तथा दौसा और बहरोड़ में एक-एक स्थान पर तलाशी अभियान चलाया गया था। इन छापों के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और आपत्तिजनक साक्ष्य बरामद हुए, जिनके आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

सूत्रों के मुताबिक, 24 जनवरी 2025 को ईडी ने जयपुर, दौसा और बहरोड़ में कुल 10 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन किया था। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की गई थी। ईडी का आरोप है कि वर्ष 2021–22 में बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदने के नाम पर MLA LAD फंड से 3.72 करोड़ रुपये खर्च दिखाए गए, जबकि जांच में इस राशि के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग के संकेत मिले हैं।

मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा पहले ही PMLA के तहत एफआईआर दर्ज की जा चुकी थी, जिसके आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। ईडी कार्यालय, जयपुर में पूर्व विधायक से आगे की पूछताछ जारी है और एजेंसी द्वारा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts