



राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इंदिरा देवनानी के निधन ने प्रदेश के राजनीतिक व सामाजिक जगत को गहरे शोक में डाल दिया है। सोमवार को उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही शोक संदेशों का तांता लग गया।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने देवनानी निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा का स्नेही व्यक्तित्व और मानवीय संवेदनाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह दुखद क्षति है और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व परिजनों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने शोक प्रकट करते हुए देवनानी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे ने भी इंदिरा देवनानी के निधन पर दुःख जताया और परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने भी अपने संदेशों में संवेदना प्रकट की।कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और दोनों प्रमुख दलों के बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की है। देवनानी परिवार के प्रति समाज में भी सहानुभूति और भावपूर्ण श्रद्धांजलि व्यक्त की जा रही है।
अजमेर में 4 नवंबर को होगा अंतिम संस्कार
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की पत्नी की अंतिम यात्रा 4 नवम्बर मंगलवार को उनके अजमेर स्थित निवास स्थान 28, संत कवरराम कॉलोनी रामनगर से प्रातः काल 10:00 बजे पुष्कर रोड स्थित ऋषि घाटी श्मशान पर जाएगी।