



जयपुर। प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ गुरुवार से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि वर्तमान में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है और लोग लाखों रुपये खर्च कर समारोह आयोजित कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खाना बनाने के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस आपूर्ति की कमी के कारण होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
डोटासरा ने कहा कि कई होटलों में गैस सिलेंडर नहीं होने से विदेशी पर्यटकों तक को परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिससे प्रदेश की पर्यटन छवि पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि आमजन, होटल व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए कांग्रेस ने प्रदेशभर में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार से विभिन्न जिलों में प्रदर्शन कर गैस किल्लत के मुद्दे पर सरकार से तुरंत समाधान की मांग करेंगे।