



जयपुर। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस शेड्यूल में कुल 20 मुकाबलों की जानकारी दी गई है। पहले चरण में राजस्थान रॉयल्स के तीन मैच घोषित किए गए हैं, लेकिन राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए निराशाजनक खबर यह है कि इनमें से कोई भी मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स के सभी तीन मुकाबले उनके दूसरे होम ग्राउंड गुवाहाटी (असम) में आयोजित होंगे।
पहले फेज में राजस्थान रॉयल्स की टीम चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों से भिड़ेगी। इस कारण जयपुर के दर्शकों को इस बार पहले चरण में महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे स्टार खिलाड़ियों को अपने शहर में खेलते देखने का मौका नहीं मिलेगा। पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स जयपुर में नहीं खेली थी, जबकि मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले यहां हुए थे।
दरअसल राजस्थान रॉयल्स के दो होम ग्राउंड हैं—जयपुर और गुवाहाटी। इस साल असम में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसके चलते रॉयल्स प्रबंधन ने पहले चरण के मुकाबले गुवाहाटी में आयोजित करने का प्रस्ताव BCCI को दिया था। इसी प्रस्ताव के तहत मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले भी गुवाहाटी में कराने का निर्णय लिया गया। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि 12 अप्रैल के बाद जारी होने वाले अगले शेड्यूल में राजस्थान रॉयल्स के शेष चार मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जाएंगे, जिनमें गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमें शामिल हो सकती हैं।