



वैशाली नगर स्थित लायंस भवन में 100 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग, भजन, नृत्य, गेम्स और हाउजी बने आकर्षण
अजमेर। अग्रवाल समाज महिला समिति की ओर से रविवार को तीज महोत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। वैशाली नगर स्थित लायंस भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष संतोष बंसल ने की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नीलू गुप्ता ने भगवान अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। तीज महोत्सव में 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सभी महिलाएं रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में पहुंचीं, जिससे कार्यक्रम स्थल राजस्थानी संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया।
संस्था महासचिव सुषमा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संस्था की मुख्य शाखा के संरक्षक जंवरीलाल बंसल, विनय गुप्ता और छाया गर्ग, अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेंद्र बंसल और प्रदीप बंसल सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
समिति की कोषाध्यक्ष अंजना मित्तल ने बताया कि तीज महोत्सव में लहरिया थीम पर भजन और नृत्य प्रस्तुत किए गए। महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स और हाउजी का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन अनिता बंसल और अंशु बंसल ने किया। उनकी प्रस्तुतियों और संचालन के बीच पूरे आयोजन में उत्साह बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में भगवान अग्रसेन की सामूहिक आरती की गई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। आयोजन को सफल बनाने में कोमल गोयल, सरोज बंसल, हेमा गर्ग, हंसा अग्रवाल, माधुरी कंदोई और नीलम अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।