



विजय नगर ग्राउंड से ₹6,453 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण, पशुपालकों को 7वें दिन दूध भुगतान का लक्ष्य, चार नए जिला सहकारी बैंक भी शुरू
अलवर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने भारत माता के जयकारे लगवाए और फिर आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से पूछा कि वे कांग्रेस का “सूपड़ा साफ” करेंगे या नहीं।
शाह ने कहा कि राजस्थान में आने वाले चुनावों के लिए जनता भाजपा को जिताने का मन बना चुकी है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व और नेता प्रतिपक्ष पर आपसी विवाद और राजनीतिक टकराव में उलझे रहने का आरोप लगाया।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की मौजूदगी में अलवर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ी करीब ₹6,453 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अकेले अलवर से जुड़े करीब ₹700 करोड़ के विकास कार्य शामिल बताए गए हैं। इससे पहले हेलीपैड पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अमित शाह का स्वागत किया। जनसभा में डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, भूपेंद्र यादव, भजनलाल शर्मा और अमित शाह ने संबोधित किया।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर अमित शाह ने अलवर को बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि अलवर मेडिकल कॉलेज का नाम अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज’ होगा।शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उन्हें सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नेता बताया।
डेयरी क्षेत्र को लेकर अमित शाह ने कहा कि अलवर की सरस डेयरी की क्षमता भविष्य में बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन की जाएगी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को वर्तमान में दूध का भुगतान करीब 15 दिन में मिलता है, लेकिन आने वाले डेढ़ साल के भीतर ऐसी व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है कि भुगतान सातवें दिन सीधे पशुपालकों के बैंक खाते में पहुंच जाए।
कार्यक्रम में प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी डेयरी क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया गया। भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में करीब ₹274 करोड़ की लागत से चार नए सरस डेयरी प्लांट शुरू किए गए हैं। सरकार का दावा है कि इससे दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और पशुपालकों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सहकारिता क्षेत्र में भी चार नए जिला सहकारी बैंकों की शुरुआत की गई। इनमें फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ शामिल हैं। इन बैंकों के माध्यम से किसानों को सहकारी ढांचे से जोड़ने और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही गई।
अमित शाह ने गुजरात के सहकारी मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की लाखों महिलाएं छोटे स्तर से शुरुआत कर आज बड़े आर्थिक नेटवर्क का हिस्सा बन चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि गुजरात में 33 लाख महिलाओं ने 100 रुपए से शुरुआत कर करीब ₹1.25 लाख करोड़ का टर्नओवर खड़ा किया है। इसी तरह के मॉडल को राजस्थान में भी आगे बढ़ाने की बात कही गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योजना के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से करीब ₹152 करोड़ की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई। सभा में अमित शाह ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार विकास और सहकारिता को गांव, किसान, पशुपालक और आमजन तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
अलवर की इस जनसभा से अमित शाह ने आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी साफ राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता आपसी खींचतान में लगे हैं, जबकि जनता विकास और स्थिरता के लिए भाजपा के साथ खड़ी है।