



एमजेआरपी यूनिवर्सिटी चांसलर निर्मल पंवार ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान, गीत, नृत्य और ओजस्वी भाषण बने आकर्षण
जयपुर। एमजेआरपी यूनिवर्सिटी, जयपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, प्राध्यापक और प्रशासनिक कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए यूनिवर्सिटी के चांसलर निर्मल पंवार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही देश के भविष्य की निर्माता है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ योगदान देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
समारोह में अन्य वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके बलिदानों के बारे में जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहे।
कार्यक्रम में एमजेआरपी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के साथ मिलेनियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने भी भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, एकल एवं समूह नृत्य और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए। देशभक्ति से सजी प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम का संचार किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, प्रशासनिक कर्मचारियों और अन्य लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान परिसर में देशभक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
