



जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान बजट 2026–27 को विकसित राजस्थान के निर्माण का सशक्त और दूरदर्शी रोडमैप बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री दीया कुमारी द्वारा प्रस्तुत बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है।
राठौड़ ने कहा कि यह बजट आमजन, किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और उद्योग जगत सहित सभी वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है। आधारभूत ढांचे के विस्तार, ग्रामीण विकास, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं की दिशा में राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना के फैसले का स्वागत किया। राठौड़ ने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिलेंगे। बजट में 42 हजार किलोमीटर सड़कों के निर्माण, जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक कॉरिडोर के लिए 600 करोड़ रुपये की सहायता, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, ग्रामीण क्षेत्रों में महिला बीपीओ की स्थापना और अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाने जैसी घोषणाओं को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।
महिला सशक्तिकरण को लेकर भी बजट में अहम प्रावधान किए गए हैं। स्वयं सहायता समूहों की ऋण सीमा बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाए गए हैं। कृषि एवं पशुपालन को मजबूती देने के साथ युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर भी सरकार का विशेष ध्यान है।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन स्थापित किया है। यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को साकार करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजस्थान बजट 2026–27 प्रदेश को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।