



जयपुर। पोद्दार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स ने अपने 28 वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को समर्पित दो माह का प्रदेशव्यापी “सोशल अवेयरनेस एंड कनेक्ट कैम्पेन” शुरू किया है। यह अभियान 5 फरवरी से प्रारंभ होकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का प्रयास कर रहा है।
अभियान की शुरुआत दुर्गापुरा गौशाला में स्टाफ और विद्यार्थियों द्वारा गायों को गाजर, लौकी, हरा चारा और गुड़ खिलाकर की गई। इसके बाद स्टाफ सदस्यों ने गुब्बारे उड़ाकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया। सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव के इस प्रतीकात्मक कार्यक्रम ने पूरे अभियान को सकारात्मक संदेश के साथ आगे बढ़ाया।
स्थापना दिवस के अवसर पर होटल पार्क प्राइम में सीपीआर (CPR) ट्रेनिंग आयोजित की गई, जिसमें आपातकालीन स्थिति में जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही मानसरोवर और जगतपुरा क्षेत्रों के अपार्टमेंट्स में जाकर पानी और बिजली संरक्षण को लेकर आमजन को जागरूक किया गया।
ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आनंद पोद्दार ने बताया कि संस्थान के 28 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कम्यूनिटी एम्पॉवरमेंट के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीपीआर ट्रेनिंग, साइबर फ्रॉड सिक्योरिटी, वाटर-एनर्जी कन्जर्वेशन जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त होटल एसोसिएशन, इंडस्ट्री एसोसिएशन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर संयुक्त कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. पोद्दार ने बताया कि संस्थान की विभिन्न टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर भी जागरूकता अभियान चला रही हैं, ताकि समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश पहुंचाए जा सकें। यह पहल शिक्षा संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और सामुदायिक सहभागिता को दर्शाती है।