Saturday, 29 August 2026

राजस्थान विधानसभा में 4 फरवरी को प्रश्नकाल से कार्यवाही शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस होगी


राजस्थान विधानसभा में 4 फरवरी को प्रश्नकाल से कार्यवाही शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस होगी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान विधानसभा में 4 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही प्रारंभ होगी। प्रश्नकाल के बाद शून्यकाल में विधायक स्थगन प्रस्ताव, पर्ची तथा नियम 295 के तहत अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठाएंगे। शून्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े मामलों पर पक्ष और विपक्ष की ओर से सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

विधानसभा में लंच ब्रेक के बाद उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी वित्त विभाग से संबंधित 27 अधिसूचनाएं सदन में प्रस्तुत करेंगी। वहीं उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा परिवहन विभाग से संबंधित अधिसूचनाएं सदन पटल पर रखेंगे। इसके अलावा गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम गृह विभाग की अधिसूचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

सदन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा राजस्थान जन आधार प्राधिकरण का वार्षिक प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग की वार्षिक रिपोर्ट सदन में रखेंगे।

इसके साथ ही विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस जारी रहेगी, जिसकी शुरुआत भाजपा विधायक पुष्पेंद्र सिंह द्वारा की जाएगी। सदन की यह कार्यवाही राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा होगी।

Previous
Next

Related Posts