Wednesday, 11 February 2026

उदयपुर में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी दिनेश खोड़निया से जुड़े ठिकाने पर सीजीएसटी की कार्रवाई, देर रात तक चली सर्च


उदयपुर में पूर्व सीएम अशोक गहलोत के करीबी दिनेश खोड़निया से जुड़े ठिकाने पर सीजीएसटी की कार्रवाई, देर रात तक चली सर्च

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

उदयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता दिनेश खोड़निया से जुड़े डबोक स्थित दफ्तर पर गुरुवार को गुड्स एंड सर्विस टैक्स (सीजीएसटी) उदयपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सीजीएसटी की टीम दिन में दफ्तर पहुंची और देर रात तक सर्च की कार्रवाई चलती रही। पूरी कार्रवाई को विभाग की ओर से गोपनीय रखा गया।

जानकारी के अनुसार, सीजीएसटी की टीम केआरई अरिहंत नामक फर्म के कार्यालय पहुंची थी, जिसके संचालक दिनेश खोड़निया के पुत्र आदिश खोड़निया बताए जा रहे हैं। सर्च के दौरान टीम ने कर्मचारियों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, सर्च की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब जब्त किए गए दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान टीम ने वीडियोग्राफी भी करवाई और अहम सबूत अपने कब्जे में लिए। इस पूरी कार्रवाई में सीजीएसटी हिरणमगरी, उदयपुर के अधिकारी शामिल रहे।

बताया जा रहा है कि दिनेश खोड़निया का कारोबार केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य रह चुके हैं और डूंगरपुर जिले के कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके भाई नरेंद्र खोड़निया सागवाड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। खोड़निया परिवार का ज्वेलरी और रियल एस्टेट से जुड़ा बड़ा व्यवसाय है, जो डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा, उदयपुर सहित कई स्थानों पर फैला हुआ है। उदयपुर एयरपोर्ट के पास भी उनकी बड़ी जमीन बताई जा रही है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब खोड़निया परिवार से जुड़े ठिकानों पर केंद्रीय एजेंसियों ने कार्रवाई की हो। इससे पहले 13 अक्टूबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा में खोड़निया के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस समय प्रदेश में कांग्रेस सरकार थी और कांग्रेस ने उस कार्रवाई को चुनावी स्टंट करार दिया था। उल्लेखनीय है कि दिनेश खोड़निया ने उदयपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी भी पेश की थी।

    Previous
    Next

    Related Posts