Wednesday, 04 February 2026

राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, बोले– पेपर माफियाओं पर लगा अंकुश


राजस्थान में धूमधाम से मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, बोले– पेपर माफियाओं पर लगा अंकुश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

देशभर के साथ राजस्थान में भी सोमवार को 77 वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। प्रदेश के सभी जिलों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने प्रदेश की उपलब्धियों, योजनाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। अब तक लगभग एक लाख युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि 1 लाख 54 हजार 547 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही वर्ष 2026 के लिए एक लाख पदों पर भर्ती का कैलेंडर भी जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल और पेपर माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया है। अब तक 351 परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गईं, जिनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। पूर्व में पेपर लीक में शामिल दोषियों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान राजस्थान पुलिस के 17 जांबाज पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किए गए।

पूरे प्रदेश में राष्ट्रभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

इससे पूर्व राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और मौन रखकर उन्हें नमन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर रखी पुस्तिका में भी अपने शब्दों में कृतज्ञता व्यक्त की।

Previous
Next

Related Posts