जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) का क्षेत्रफल अब लगभग दोगुना हो गया है। राज्य सरकार ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर जेडीए की सीमा को 3,000 वर्ग किमी से बढ़ाकर करीब 7,000 वर्ग किमी कर दिया। इसके तहत 693 नए राजस्व गांव जोड़े गए हैं।
अब तक जेडीए क्षेत्र में 725 राजस्व गांव थे। नई सूची जुड़ने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 1418 गांव हो गई है। यह कदम जयपुर के तेजी से बढ़ते शहरीकरण और विकास को देखते हुए उठाया गया है।
राज्य सरकार की अधिसूचना में तीन अलग-अलग सूचियां जारी की गई हैं:
पहली सूची (नई): इसमें 632 राजस्व गांव शामिल किए गए हैं। ये गांव जयपुर जिले की 17 तहसीलों से लिए गए हैं।
दूसरी सूची: इसमें 47 राजस्व गांव सम्मिलित किए गए हैं। इनमें जोबनेर नगरीय क्षेत्र के 15, शाहपुरा के 10 और चाकसू नगरीय क्षेत्र के 22 गांव शामिल हैं।
तीसरी सूची: शेष गांवों का विवरण अधिसूचना में जोड़ा गया है, जिससे जेडीए का कुल क्षेत्रफल बढ़कर 7,000 वर्ग किमी हो गया।
जेडीए ने सीमा विस्तार के साथ ही कैडर स्ट्रेंथ बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अतिरिक्त आयुक्त की संख्या बढ़ाई जाएगी और स्थानीय स्तर पर नए कार्यालय खोले जाएंगे। इसके लिए तीन जगह जमीन चिन्हित की जा चुकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा विस्तार से जेडीए को भविष्य में बेहतर मास्टर प्लानिंग, नगरीय विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रबंधन करने में आसानी होगी। साथ ही नए क्षेत्रों में सड़कों, आवास और उद्योगों के लिए योजनाएं तेजी से लागू की जा सकेंगी।