Saturday, 12 July 2025

राष्ट्रीय लोकदल राजस्थान में पंचायत और निकाय के चुनाव अपने सिंबल पर लड़ेगी, तीसरे विकल्प की है जरूरत: जयंत चौधरी


राष्ट्रीय लोकदल राजस्थान में पंचायत और निकाय के चुनाव अपने सिंबल पर लड़ेगी, तीसरे विकल्प की है जरूरत: जयंत चौधरी

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने जयपुर में आरएलडी कार्यकर्ता सम्मेलन में घोषणा की कि पार्टी राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव अपने सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा और कांग्रेस से ऊब चुकी है और अब आरएलडी तीसरे सशक्त विकल्प के रूप में उभरेगी।।

जयंत चौधरी ने कहा कि राजस्थान की जनता हर पांच साल में रोटी बदलती है, लेकिन दोनों तरफ से घी नहीं लग रहा। आम लोग चुपड़ी हुई रोटी से वंचित हैं।" उन्होंने कहा कि आरएलडी प्रदेश के युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों को जोड़ते हुए जनसुनवाई केंद्र खोलेगी और गांव-गांव में संगठन को मजबूत बनाएगी। पार्टी का उद्देश्य केवल पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर आना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सशक्त संगठन निर्माण करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्थान के स्थानीय चुनावों में पार्टी अपने प्रतीक चिह्न पर उम्मीदवार उतारेगी और मेहनती कार्यकर्ताओं को पूरी तरह समर्थन देगी। उन्होंने बताया कि उन्हें राजस्थान से गहरा लगाव है और यहां की जनता ने सदैव चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को सम्मान दिया है। उन्होंने नागौर का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वहां से कोई फाइल आती है, तो वह उसे मना नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने राजस्थान में पार्टी के भीतर कथित अंतर्विरोधों को नकारते हुए स्पष्ट किया कि विधायक सुभाष गर्ग और प्रदेश अध्यक्ष अवाना के बीच कोई मतभेद नहीं है और आज गर्ग द्वारा अवाना को पगड़ी पहनाकर एकजुटता का प्रतीक प्रस्तुत किया है।

इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश में होटल-रेस्टोरेंट चेकिंग को अनुचित बताते हुए कहा कि त्योहारों और धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। वहीं भाषा विवाद पर उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषाओं को कक्षा 1 से 5 तक शिक्षा का माध्यम बनाना चाहिए, ताकि बच्चों में बहुभाषी समझ विकसित हो सके।


विधानसभा परिसर में अंबेडकर और चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाएं लगे जोगिंदर सिंह अवाना की मांग

प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने कहा कि उन्होंने सभी जिलों का दौरा किया है और कार्यकर्ताओं की भावनाएं यही कहती हैं कि चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़ा जाए। उन्होंने चौधरी चरण सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं राजस्थान विधानसभा परिसर में लगाने की मांग भी रखी। साथ ही हर संभाग में एक बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की।

इस अवसर पर आशा देवासी, सोनिया चौधरी, जगदीश प्रसाद बैरवा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में मंच से वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह की किसान-हितैषी नीतियों की चर्चा की और कहा कि आरएलडी सभी जातियों और वर्गों के अधिकारों की आवाज़ बनेगी। साथ ही पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के साथ गठबंधन में रहते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।

सम्मेलन में त्रिलोक त्यागी, मलूक नागर, अनिल कुमार जाटव, डॉ. सुभाष गर्ग, चंदन चौहान गुर्जर, अब्दुल सगीर खान, महेंद्र प्रताप चौधरी, अभिनय चौधरी, मनोज चौधरी, देवीसिंह, राजपाल चौधरी और सुरजीत चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम में सैकड़ों नए कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली और आरएलडी को एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Previous
Next

Related Posts