जयपुर। राजस्थान कांग्रेस के संगठनात्मक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। रविवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस के नए मुख्यालय भवन का भूमि पूजन और निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूजा-अर्चना कर विधिवत निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि यह भवन सिर्फ कांग्रेस का नहीं बल्कि राजस्थान की आम जनता का भवन होगा, क्योंकि कांग्रेस आमजन की पार्टी है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस भवन के निर्माण में हर कार्यकर्ता का योगदान रहेगा और सामूहिक चंदे से इसे ऐतिहासिक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी अपने संसाधनों पर नहीं बल्कि देश के निर्माण पर ध्यान दिया, जबकि भाजपा सत्ता में आते ही भवनों और संसाधनों के निर्माण में लग जाती है।
प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि यह पांच मंजिला भवन होगा, जिसमें दो बेसमेंट और तीन ऊपरी मंजिलें होंगी। इसमें कांग्रेस और उससे जुड़े सभी संगठनों के कार्यालय होंगे। उन्होंने बताया कि यह भवन 6000 वर्ग मीटर भूमि पर बनेगा, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शांति धारीवाल द्वारा आवंटित करवाया गया। निर्माण कार्य डेढ़ से दो साल में पूर्ण होने की उम्मीद है।
विशेष बात यह रही कि कांग्रेस इस निर्माण के लिए कोई नकद सहयोग नहीं ले रही है। डोटासरा ने कहा कि इसके लिए एक ऑनलाइन खाता खोला गया है और सारा सहयोग पारदर्शी माध्यम से ही लिया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इसको लेकर खासा उत्साह है।