



मुख्यमंत्री बोले— कांग्रेस के पांच साल की तुलना में भाजपा सरकार ने ढाई साल में किए बेमिसाल काम, पानी, बिजली, उद्योग, रोजगार और सड़क सहित सभी क्षेत्रों में विकास को मिली गति
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के आगामी सत्र से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधानसभा सत्र की रणनीति, सदन में सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से रखने और विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों पर सरकार का पक्ष मजबूती से प्रस्तुत करने को लेकर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायकों से कहा कि वे सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लें और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा भविष्य के विजन को प्रमुखता के साथ सदन में रखें। उन्होंने कहा कि विधायकों की जिम्मेदारी है कि सरकार द्वारा आमजन के हित में किए गए कार्यों की सही जानकारी सदन और जनता तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनकल्याण को अपना ध्येय बनाकर प्रदेशभर में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को सरकार अभूतपूर्व गति से पूरा कर रही है।
उन्होंने विधायकों से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं के प्रभाव को तथ्यों के साथ सदन में रखने को कहा, ताकि प्रदेश की जनता तक सरकार के कामकाज की स्पष्ट तस्वीर पहुंचे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में वर्तमान भाजपा सरकार ने महज ढाई साल में उल्लेखनीय काम किए हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने राजस्थान के दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार कर पानी, बिजली, सड़क, उद्योग, निवेश और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण निर्णय लिए और विकास परियोजनाओं को गति दी है।
बैठक में विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और राजस्थान को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जनहित से जुड़े विषयों पर केवल घोषणाएं करने के बजाय योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने पर ध्यान केंद्रित किया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता से किए गए वादों से पीछे हटती रही है।
उन्होंने विधायकों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार के काम और विपक्ष के आरोपों से जुड़े तथ्यों को सामने रखें। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता को भाजपा की विकास और सुशासन की नीति पर विश्वास है।
विधायक दल की बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सरकार के पक्ष को समन्वित और प्रभावी ढंग से रखने पर भी मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने विधायकों को सदन में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने क्षेत्रों और प्रदेश से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा करने तथा सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और विकास के विजन को प्रमुखता देने का संदेश दिया।