



लायंस क्लब इंटरनेशनल प्रांत 3233 E-2 में उल्लेखनीय उपलब्धि, 42 हजार डॉलर LCIF सहयोग, MJF और कुबेर अवार्ड से सम्मानित
भीलवाड़ा। लायंस क्लब इंटरनेशनल प्रांत 3233 E-2 के रीजन चेयरमैन एमजेएफ लायन पवन पवार एडवोकेट ने लायनिज्म वर्ष की शुरुआत के महज 41 दिनों में 17 MJF, 273 सेवा गतिविधियां और एक नए लायंस क्लब का गठन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
इस उपलब्धि के लिए प्रांतीय शपथ समारोह एवं फर्स्ट कैबिनेट मीटिंग के दौरान आयोजित समारोह में पवन पवार का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष एवं LCIF अध्यक्ष ए.पी. सिंह, विशिष्ट अतिथि पूर्व इंटरनेशनल डायरेक्टर संगीता जटिया एवं वी.के. लड़िया, तथा प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन मौजूद रहे।
समारोह में पवन पवार की सेवा गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें MJF एवं कुबेर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ लायन पदाधिकारियों ने कहा कि मात्र 41 दिनों में इतनी बड़ी संख्या में सेवा गतिविधियों का संचालन संगठन की सक्रियता और टीमवर्क का उदाहरण है।
प्रांतीय सचिव एमजेएफ लायन अभिषेक खजांची ने बताया कि पवन पवार के नेतृत्व में 41 दिनों के भीतर की गई 273 सेवा गतिविधियां लायंस की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई क्षेत्रों में काम किया गया और बड़ी संख्या में लोगों तक सेवा पहुंचाई गई।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष एमजेएफ लायन विनोद सिंघवी ने बताया कि 17 MJF के माध्यम से 17,000 डॉलर का सहयोग LCIF को प्रदान किया गया। इसके साथ ही नितिन स्पिनर्स के साथ हुए एमओयू के तहत 25,000 डॉलर का अतिरिक्त सहयोग दिया गया। इस प्रकार कुल 42,000 डॉलर की राशि LCIF सहयोग के रूप में प्रदान की गई।
41 दिनों की इस अवधि में एक नए लायंस क्लब का गठन भी किया गया। इसे संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि नए क्लब के गठन से लायंस की सेवा गतिविधियों का दायरा और बढ़ेगा।
ओरियम्म रिसोर्ट में आयोजित समारोह में प्रांत के 155 क्लबों से आए लायन पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। समारोह में पवन पवार के सामाजिक कार्यों, नेतृत्व और सेवा के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद पवन पवार एडवोकेट ने सभी लायन साथियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी लायन टीम की सामूहिक सेवा भावना, सहयोग और प्रतिबद्धता का परिणाम है।