



भाजपा प्रदेश कार्यालय में निकाय चुनाव की रणनीति पर मंथन, मदन राठौड़ बोले- प्रत्याशी चयन में भाई-भतीजावाद और पक्षपात की जगह नहीं, जनता की पसंद और जीत की क्षमता होगी आधार
जयपुर। राजस्थान में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में बूथ स्तर की तैयारियों से लेकर प्रत्याशी चयन, चुनावी रणनीति, स्थानीय मुद्दों और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर विस्तृत मंथन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में कहा कि केंद्र और राज्य के बाद अब राजस्थान के स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बनाकर ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार बनाई जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, निकाय चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद संगीता यादव, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और दिल्ली सरकार में मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह सहित प्रदेश निकाय चुनाव की संभाग टीम, मेनिफेस्टो टीम, संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि भाजपा आगामी निकाय चुनाव में राज्य और केंद्र सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाएगी।
पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, स्थानीय मुद्दों की पहचान करने और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश को विकास की नई दिशा देने का काम किया है। सरकार की उपलब्धियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि योजनाओं और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों का कल्याण, महिला सशक्तीकरण, जल उपलब्धता, निवेश और आधारभूत ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने अब तक 1 लाख 89 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां देने का काम किया है।
राजस्थान की जल आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने यमुना जल समझौते और राम जल सेतु जैसे प्रोजेक्ट को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्यासी धरती तक पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयास आने वाले समय में राजस्थान के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है। करीब 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं।
उन्होंने किसान सम्मान निधि का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को बढ़ी हुई 9 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार किसान, युवा, महिला सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कुशासन और भ्रष्टाचार के स्थान पर भाजपा सरकार ने सुशासन और लोककल्याण की व्यवस्था स्थापित की है। निकाय चुनाव में सरकार इन्हीं कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निकाय चुनाव को लेकर कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान में भाजपा की सरकार के बाद अब स्थानीय निकायों में भी भाजपा की जीत का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों में भाजपा की सरकार बनने से ‘ट्रिपल इंजन’ के जरिए विकास कार्यों को और गति मिलेगी। केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय से सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को तेजी से धरातल तक पहुंचाया जा सकेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बैठक के बाद कहा कि भाजपा संगठन हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है और निकाय चुनावों के लिए पार्टी की बूथ स्तर तक तैयारी है।
उन्होंने प्रत्याशी चयन को लेकर स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर जिसका जनता के बीच प्रभाव होगा, जो संगठन के प्रति समर्पित होगा और जिसे जनता का विश्वास प्राप्त होगा, उसे अवसर दिया जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि युवाओं, महिलाओं और कमजोर वर्गों की भी प्रत्याशी चयन और चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा, “प्रत्याशी चयन में किसी प्रकार का भाई-भतीजावाद, पक्षपात या व्यक्तिगत दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। जनाकांक्षा के अनुरूप और जीत की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों का चयन होगा।”
मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी का प्रयास रहेगा कि स्थानीय जनता जिस व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि देखना चाहती है, उसी को चुनाव मैदान में उतारा जाए।
निकाय चुनाव में टिकट वितरण के दौरान स्थानीय लोकप्रियता, संगठन के प्रति समर्पण, जनता से जुड़ाव और उम्मीदवार की जीत की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा।
इस घोषणा को निकाय चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई गति से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवास, पेयजल, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण और रोजगार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को पार्टी जनता के सामने रखेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना और नल से जल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे बड़ी संख्या में परिवारों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने दावा किया कि स्टार्टअप के क्षेत्र में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप के जरिए युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं और रोजगार मेलों के माध्यम से भी लाखों युवाओं को अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है और कांग्रेस आज भी आंतरिक गुटबाजी में उलझी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार के दौरान भी आपसी खींचतान हावी थी और आज भी वही स्थिति दिखाई दे रही है।
राठौड़ ने कहा कि इसके विपरीत भाजपा विकास, सुशासन और लोककल्याण के संकल्प के साथ निकाय चुनाव में उतरेगी।
बैठक में निकाय चुनाव की संभाग टीम, मेनिफेस्टो टीम तथा संभाग प्रभारी और सह प्रभारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। स्थानीय स्तर के मुद्दों को चुनावी घोषणा-पत्र में शामिल करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा हुई।
भाजपा का लक्ष्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने के साथ स्थानीय विकास के मुद्दों को चुनावी अभियान का हिस्सा बनाना है।
पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में राजस्थान की जनता विकास और सुशासन के आधार पर भाजपा को समर्थन देगी और स्थानीय निकायों में भी पार्टी को बहुमत मिलेगा।