Tuesday, 11 August 2026

राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले, एसडीएम से लेकर नगर निकायों तक बदले अफसर


राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले, एसडीएम से लेकर नगर निकायों तक बदले अफसर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 183 अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन किए हैं। कार्मिक (क-4) विभाग ने 11 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए हैं। सूची में अतिरिक्त जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, उपखंड अधिकारी, नगर निगम उपायुक्त, विकास प्राधिकरणों के अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं।

तबादला सूची के अनुसार महावीर खराड़ी को प्राचार्य, ए.पी.आर.टी.एस., टोंक से अतिरिक्त आयुक्त (द्वितीय), टीएडी, उदयपुर लगाया गया है। योगेश कुमार श्रीवास्तव को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेषाधिकारी के पद से महाप्रबंधक, गंगानगर शुगर मिल्स लिमिटेड, जयपुर लगाया गया है। वहीं नरेश बुनकर को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, राजसमंद से अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग), न्यायालय, पाली लगाया गया है। डॉ. अशोक कुमार चतुर्थ को उप सचिव, राजस्थान आवासन मंडल, जयपुर से अतिरिक्त निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर लगाया गया है।

इसी तरह हरफूल पंकज को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, अलवर तथा राजवीर सिंह चौधरी को सचिव, नगर विकास न्यास, सीकर की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक कुमार शर्मा-I को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, कोटपूतली-बहरोड़ लगाया गया है। अनिल कुमार शर्मा को जिला रसद अधिकारी, उदयपुर तथा आलोक जैन को उप सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के पद पर लगाया गया है।

सरकार ने नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों में भी कई बदलाव किए हैं। लक्ष्मीकांत कटारा को आयुक्त, नगर निगम, अलवर, अरविन्द शर्मा को अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, भरतपुर और मनोज कुमार वर्मा को उपखंड अधिकारी, सिकराय लगाया गया है। वहीं विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में उपखंड अधिकारियों के पद भी बदले गए हैं।

सूची में जयपुर से जुड़े कई पदों पर भी बदलाव हुआ है। डॉ. नीलम मीणा को उपायुक्त, नगर निगम, जयपुर से उप निदेशक (प्रशासन), एस.सी.एम. रीपा, जयपुर लगाया गया है। नरेन्द्र कुमार जैन-I को उप सचिव, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर से अतिरिक्त निदेशक, साक्षरता एवं सतत शिक्षा, जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के मद्देनजर संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होते ही नई पोस्टिंग पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना कार्मिक विभाग को भेजेंगे। संबंधित विभागाध्यक्ष और जिला कलेक्टरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नवीन पदस्थापन पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही आदेश में कुछ अधिकारियों के संबंध में पूर्व में जारी पदस्थापन आदेशों को निरस्त भी किया गया है। वहीं कुछ अधिकारियों को आगामी आदेशों तक पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में रखा गया है। सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियां चल रही हैं।

Previous
Next

Related Posts