



RCA चुनाव: 7 सितंबर को जारी होगा चुनाव नोटिस, 23 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची, 29 सितंबर को मतदान और परिणाम
जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के लंबे समय से लंबित चुनाव को लेकर बड़ी स्थिति स्पष्ट हो गई है। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ के समक्ष पेश किए गए चुनावी कार्यक्रम के अनुसार, आरसीए की प्रबंध समिति के चुनाव 29 सितंबर 2026 को कराए जाएंगे।
हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भास्कर ए. सावंत की ओर से चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम अदालत के सामने प्रस्तुत किया गया। प्रशासक की ओर से अधिवक्ता रवि भोजक ने पूरा शेड्यूल पेश किया, जिसके बाद आरसीए में नियमित चुनाव प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
अदालत में पेश कार्यक्रम के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची पर आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी और चरणबद्ध तरीके से सुनवाई पूरी कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
7 सितंबर 2026 — चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस
12 से 16 सितंबर — मतदाता सूची पर आपत्तियां
16 से 21 सितंबर — निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्तियों की सुनवाई
23 सितंबर — अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
24 सितंबर — नामांकन दाखिल
25 सितंबर — नामांकन पत्रों की जांच
25 सितंबर — पात्र उम्मीदवारों की सूची जारी
28 सितंबर — नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख
29 सितंबर — आवश्यकता होने पर मतदान
29 सितंबर — चुनाव परिणाम घोषित
इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट की एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने आरसीए में बिना चुनाव के चल रही एडहॉक कमेटी को निलंबित कर दिया था।
अदालत ने अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह भास्कर ए. सावंत को आरसीए का प्रशासक नियुक्त करते हुए तीन महीने के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए थे।
हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद प्रशासक ने प्रदेश के सभी 33 जिला क्रिकेट संघों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ाईं। मतदाता सूची, आपत्तियों की प्रक्रिया, नामांकन और मतदान सहित पूरी चुनावी प्रक्रिया का समयबद्ध कार्यक्रम तैयार कर अदालत को अवगत कराया गया।
आरसीए चुनाव की तारीख सामने आने के बाद प्रदेश के क्रिकेट गलियारों और जिला क्रिकेट संघों में गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अध्यक्ष और अन्य पदों के लिए विभिन्न समूहों की ओर से रणनीति और लामबंदी शुरू हो सकती है। 29 सितंबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजस्थान क्रिकेट संघ को नई निर्वाचित प्रबंध समिति मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।