



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले—सनातन संस्कार, शास्त्र और संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन का प्रमुख केंद्र बनेगा धाम
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जयपुर के जगतपुरा स्थित गुप्त वृंदावन धाम में राधा-कृष्ण शिला का विधिवत पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुप्त वृंदावन धाम भक्ति और आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सनातन संस्कार, शास्त्र और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति व्यक्ति को भक्ति, सेवा, करुणा और सकारात्मक जीवन जीने का संदेश देती है। इसके माध्यम से मानव कल्याण और समाज के व्यापक हित का मार्ग प्रशस्त होता है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भगवान कृष्ण और भगवान शिव के ब्रज आगमन से जुड़े पौराणिक प्रसंग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और मानव कल्याण की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने कहा कि सभी को सनातन संस्कृति के बताए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए समाज और राष्ट्र हित में कार्य करना चाहिए।
राधा-कृष्ण शिला पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गुप्त वृंदावन धाम के मंदिर परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने धाम में चल रहे धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों की जानकारी ली और इन प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक संस्थान समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विधायक कैलाश वर्मा, गुप्त वृंदावन धाम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना भी की गई।