



खाद्य मंत्री सुमित गोदारा बोले—गांवों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शनिवार को नापासर क्षेत्र के नौरंगदेसर में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस भवन के निर्माण पर करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत आई है। नए स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के ग्रामीणों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। नौरंगदेसर का यह नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीणों को आधुनिक और व्यवस्थित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गोदारा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीणों को सामान्य उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में नहीं जाना पड़े। गांवों में चिकित्सा ढांचे को मजबूत कर लोगों को उनके घर के नजदीक ही उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार और चिकित्सा संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है।
खाद्य मंत्री ने कहा कि लूणकरनसर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर आमजन के जीवन स्तर में सुधार किया जाए।
गोदारा ने कहा कि इस बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का बीकानेर में आयोजन होना जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी निभानी चाहिए और तिरंगे के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आमजन की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध, पूर्व प्रधान राजकुमार कस्वां, रामनिवास खींचड़, जुगल सिंह, ख्यालीराम मूंड, कन्हैयालाल सारस्वत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।