



जयपुर। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के षष्ठम सत्र से पहले 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने यह बैठक सुबह 11 बजे विधानसभा परिसर में बुलाई है।
सोलहवीं विधानसभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से शुरू होगा। बैठक का उद्देश्य सत्र के शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और प्रभावी संचालन के लिए सभी दलों के बीच समन्वय स्थापित करना है।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार वासुदेव देवनानी राजस्थान विधानसभा में सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की पहल करने वाले पहले अध्यक्ष हैं।
देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा का पवित्र स्थल है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सर्वदलीय बैठक को सदन के शांतिपूर्ण संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और विपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान को आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावर चंद को भी बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी संबंधित नेताओं को पत्र जारी किए गए हैं।
वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में सोलहवीं विधानसभा के दौरान यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी। इससे पहले छह बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
देवनानी ने कहा कि पूर्व में हुई बैठकों से सदन की कार्यवाही को लेकर विभिन्न दलों के बीच बेहतर सामंजस्य विकसित हुआ है। इससे जनमहत्व के विषयों पर सार्थक चर्चा और संसदीय परंपराओं के अनुरूप कार्यवाही चलाने में सकारात्मक वातावरण बना।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने और सदन की कार्यवाही में सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी बैठक षष्ठम सत्र को अधिक सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और जनहित के प्रति समर्पित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।