



SMS अस्पताल पहुंचकर जानी कुशलक्षेम; 15 दिन से अनशन पर थे छात्र नेता, एक दिन पहले पानी भी त्याग दिया था
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचकर पिछले 15 दिनों से अनशनरत छात्र नेता शुभम रेवाड़ से मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम जानी।
बताया गया है कि शुभम रेवाड़ ने मंगलवार से पानी भी त्याग दिया था। लगातार अनशन और पानी नहीं लेने के कारण उनकी सेहत में गिरावट आने लगी थी।
शुभम रेवाड़ की बिगड़ती सेहत को देखते हुए अशोक गहलोत ने उन्हें जल पिलाया और अनशन समाप्त करने की समझाइश की। उन्होंने छात्र नेता से स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आगे रखने की अपील की।
शुभम रेवाड़ पिछले 15 दिनों से अपनी मांगों को लेकर अनशन पर थे। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनकी मांगों और अनशन समाप्त करने को लेकर आगे की स्थिति की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।