



जयपुर। राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा की चुनाव संचालन समिति की बैठक भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़ी संगठनात्मक तैयारियों, चुनाव संचालन तथा पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी नेताओं ने स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति और चुनावों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में चुनाव संचालन समिति की भूमिका और विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों को दी जाने वाली जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को सक्रिय रखते हुए चुनावी तैयारियां व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों से स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संगठनात्मक गतिविधियों में समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रवार रणनीति पर भी मंथन किया गया।