



टोंक। दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को टोंक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। देहात एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में इंदिरा सर्किल, छावनी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ किए गए व्यवहार की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की और छात्र हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा ने कहा कि भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दोष छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े गए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई को देश कभी नहीं भूलेगा।
बैरवा ने कहा कि छात्रों के समर्थन में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर सरकार से माफी मांगने की मांग की थी, लेकिन राहुल गांधी सहित अन्य सांसदों को हिरासत में ले लिया गया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने अथवा उनसे इस्तीफा लेने की मांग भी की।
प्रदर्शन में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इरशाद बेग, देहात ब्लॉक अध्यक्ष कैलाशी देवी मीणा, दिनेश चौरासिया, शब्बीर अहमद, देवकरण गुर्जर, धर्मेंद्र सालोदिया, अलका बैरवा, मनिंदर बैरवा, आकाश बैरवा, आबिद मेवाती, सुरेंद्र रेगर, राजेंद्र बोकण, मनीष मीणा, महेंद्र बैरवा, शंकर दादिया, सहादत नकवी, शकील मियां, फिरोज नागोरी, अब्दुल हक पहलवान सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।