



जयपुर। राजस्थान पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में नव पदोन्नत अधिकारियों ने सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से शिष्टाचार भेंट की।
राज्यपाल ने सभी नव पदोन्नत अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने में अत्यंत महत्त्वपूर्ण होती है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और समर्पण भाव के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनना और उसका विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता के माध्यम से प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की सेवा में महत्त्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।