



ओबीसी विभाग की अलग महिला विंग का गठन, राजस्थान की नौ सहित देशभर की 39 महिला नेताओं को मिली जिम्मेदारी
जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग ने राजस्थान की पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य को ओबीसी महिला विंग का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह महिलाओं और अन्य पिछड़ा वर्ग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाएंगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने रविवार को महिला विंग की नई कार्यकारिणी का गठन किया। कांग्रेस में महिला कांग्रेस पहले से सक्रिय है, लेकिन अब ओबीसी विभाग के अंतर्गत महिलाओं से जुड़े सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक विषयों पर विशेष रूप से कार्य करने के लिए अलग महिला विंग बनाई गई है।
नई कार्यकारिणी में राजस्थान की नौ महिला नेताओं को स्थान दिया गया है, जबकि देशभर से कुल 39 महिला नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुचित्रा आर्य को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने को राजस्थान कांग्रेस के लिए महत्त्वपूर्ण संगठनात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।
सुचित्रा आर्य की नियुक्ति पर सचिन पायलट ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने लिखा कि ओबीसी विभाग की महिला विंग की राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त होने पर पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
पायलट ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सुचित्रा आर्य अपने अनुभव और कुशल नेतृत्व के माध्यम से महिलाओं तथा ओबीसी वर्ग से जुड़े महत्त्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाएंगी। उन्होंने नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को भी सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी समाज के उत्थान, सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगी।
ओबीसी महिला विंग के गठन के बाद संगठन की ओर से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, ओबीसी वर्ग की महिलाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठनात्मक स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर ध्यान दिए जाने की संभावना है।

