



नई दिल्ली। राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सतीश पूनिया ने सोमवार को संसद भवन में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यसभा के सभापति एवं भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही डॉ. पूनिया ने उच्च सदन के सदस्य के रूप में औपचारिक रूप से अपना संसदीय दायित्व संभाल लिया।
डॉ. सतीश पूनिया राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। उनके साथ भाजपा की डॉ. अलका गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी भी राजस्थान से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए थे।
डॉ. पूनिया राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और आमेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। प्रदेश की राजनीति और संगठन में लंबे अनुभव के बाद अब वह राज्यसभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शपथ ग्रहण के बाद भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने डॉ. पूनिया को शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने विश्वास व्यक्त किया कि वह राज्यसभा में राजस्थान के विकास, किसानों, युवाओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।