Sunday, 19 July 2026

पत्रकार कॉलोनी और आसपास क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 25 विकास समितियों की संयुक्त बैठक, मुख्यमंत्री तक पहुंचेगा ज्ञापन


पत्रकार कॉलोनी और आसपास क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 25 विकास समितियों की संयुक्त बैठक, मुख्यमंत्री तक पहुंचेगा ज्ञापन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

पत्रकार कॉलोनी सहित 25 विकास समितियों की संयुक्त बैठक में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, सीवेज, पेयजल, सफाई और खराब स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों की करीब 25 विकास समितियों के अध्यक्षों की रविवार को एक महत्त्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ती नागरिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में मुकेश काका, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सुनील सिंघानिया, वरिष्ठ पत्रकार श्याम सुंदर शर्मा तथा वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। उपस्थित प्रतिनिधियों ने विकास समिति अध्यक्षों से क्षेत्रवार समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।

बैठक में पत्रकार कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम को प्रमुख समस्या के रूप में उठाया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, विशेष रूप से व्यावसायिक भवनों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त की गई। समिति अध्यक्षों ने कहा कि अनियोजित व्यावसायिक गतिविधियों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में सीवेज व्यवस्था की बदहाल स्थिति, अपार्टमेंटों में पेयजल की समस्या, नियमित सफाई का अभाव तथा कई स्थानों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति अध्यक्षों ने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।

बैठक में सभी विकास समितियों के अध्यक्षों से कहा गया कि वे अपने-अपने लेटरहेड पर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन तैयार करें। ये ज्ञापन मुकेश काका को सौंपे जाएंगे, जो उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पत्रकार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। आगामी बैठकों में संबंधित समस्याओं पर हुई प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही आगे की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

उपस्थित विकास समिति अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास की दिशा में अनुकरणीय कदम बताया। सभी ने बैठक के आयोजन और विभिन्न समितियों को एक मंच पर लाने के लिए महेश शर्मा और कमल को साधुवाद दिया। साथ ही हंसराज मिश्रा के महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।


पत्रकार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों की करीब 25 विकास समितियों के अध्यक्षों की संयुक्त बैठक
पत्रकार कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों की करीब 25 विकास समितियों के अध्यक्षों की संयुक्त बैठक
Previous
Next

Related Posts