Monday, 20 July 2026

खाटूश्यामजी में भाजपा जयपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक, अजेय कुमार ने दिया अनुशासन और एकजुटता का संदेश


खाटूश्यामजी में भाजपा जयपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक, अजेय कुमार ने दिया अनुशासन और एकजुटता का संदेश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा—पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं, सत्ता और संगठन मिलकर करें काम, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

सीकर। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में भारतीय जनता पार्टी के जयपुर संभाग के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की महत्त्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने पहली बार संभाग के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा संगठन की रीति-नीति, अनुशासन और आगामी कार्ययोजना को लेकर स्पष्ट संदेश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन सर्वोपरि है और पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सत्ता अर्थात सरकार और संगठन को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, तभी जनहित के कार्यों और पार्टी के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने संगठन में अनुशासन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है, जिसमें सभी के सहयोग से आगे बढ़ने की परंपरा रही है। पार्टी में पन्ना प्रमुख से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सभी कार्यकर्ता एक मंच पर बैठकर संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों पर विचार करते हैं।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में गुटबाजी या व्यक्ति विशेष की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं की एकमात्र राजनीतिक पहचान ‘कमल का फूल’ है।

बैठक में मंडल एवं जिला कार्यकारिणियों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्य अपूर्ण हैं, उन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह पूर्ण रूप से संगठनात्मक बैठक थी। बैठक के प्रथम सत्र में वर्तमान जनप्रतिनिधियों, पूर्व चुनाव प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने भाग लिया।

उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मंडल और जिला इकाइयों की स्थिति तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

श्रवण सिंह बगड़ी ने पंचायती राज और निकाय चुनावों की तैयारियों से जुड़े सवाल पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन वर्षभर सक्रिय रहता है। इसलिए चुनावों की घोषणा होने पर पार्टी को अलग से तैयारियां प्रारंभ करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। संगठन के कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच रहकर जनसंपर्क और सेवा के कार्य करते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक का उद्देश्य केवल आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करना नहीं था, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाना था। बैठक में कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक दायित्वों का अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया गया।

खाटूश्यामजी में भाजपा जयपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमारदीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ करते हुए,बैठक में शामिल महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौर और अन्य पदाधिकारी
खाटूश्यामजी में भाजपा जयपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमारदीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ करते हुए,बैठक में शामिल महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौर और अन्य पदाधिकारी
Previous
Next

Related Posts