Monday, 20 July 2026

जयपुर में 20 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी ढहने से दो मजदूर दबे, पांच मिनट में किया रेस्क्यू


जयपुर में 20 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी ढहने से दो मजदूर दबे, पांच मिनट में किया रेस्क्यू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीवरेज लाइन का चेंबर डालते समय हुआ हादसा, घायल मजदूरों को एसएमएस अस्पताल में कराया भर्ती

जयपुर। जयपुर के करणी विहार थाना क्षेत्र में रविवार शाम नई सीवरेज लाइन का चेंबर डालने के दौरान मिट्टी ढहने से करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में काम कर रहे दो मजदूर दब गए। पुलिस और साथी मजदूरों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल मजदूरों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

करणी विहार थाना अधिकारी हवा सिंह ने बताया कि हादसा मीणावाला क्षेत्र में अलंकार मोड़ के पास शाम करीब पांच बजे हुआ। यहां नई सीवरेज लाइन डालने का काम चल रहा था। सीवरेज लाइन का चेंबर बनाने के लिए दो मजदूर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर कार्य कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक गड्ढे के किनारे की मिट्टी ढह गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर करणी विहार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और साथी मजदूरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब पांच मिनट की मशक्कत के बाद मिट्टी में दबे दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने दोनों मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। दोनों मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने के कारण दोनों मजदूरों की जान बच गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों और कार्यस्थल पर अपनाए गए सुरक्षा उपायों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Previous
Next

Related Posts