



भाजपा शहर अध्यक्ष अमित गोयल ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का किया आह्वान
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की संगठनात्मक बैठक रविवार को भाजपा जयपुर शहर जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अमित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान तथा पार्टी की विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा निर्धारित करते हुए सभी जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों से संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी, अनुशासित एवं समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका सुदृढ़ संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को संगठन की सबसे महत्त्वपूर्ण इकाई मानते हुए उसे और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करे।
उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से घर-घर जनसंपर्क बढ़ाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
अमित गोयल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और जनता के साथ निरंतर संवाद ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी मंडलों को स्पष्ट और समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन राष्ट्रहित, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
गोपाल शर्मा ने कहा कि संगठन की सफलता बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सुनिश्चित होती है। बूथ कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच सबसे महत्त्वपूर्ण कड़ी होता है तथा उसकी सक्रियता ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करती है।
मीडिया सह प्रभारी नयन माधाणी अग्रवाल ने बताया कि बैठक में विधायक बालमुकुंद आचार्य, विधायक प्रत्याशी रवि नैय्यर, जिला महामंत्री नवरतन नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश ताम्बी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और जिला कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।