



167 वें आयकर दिवस: स्वस्थ जीवनशैली, फिट इंडिया अभियान और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, आयकर कॉलोनियों एवं कार्यालयों में होंगे पौधरोपण कार्यक्रम
जयपुर। आगामी 24 जुलाई को मनाए जाने वाले 167 वें आयकर दिवस के उपलक्ष्य में आयकर विभाग, जयपुर की ओर से रविवार को भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ ही फिट इंडिया अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
साइक्लोथॉन का आयोजन प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, राजस्थान, जयपुर सुमीत कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। प्रधान आयकर आयुक्त रितेश परमार ने आयकर कार्यालय, स्टैच्यू सर्किल से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्रधान आयकर आयुक्त मनोज कुमार मेहरा, आयकर आयुक्त अनिल कुमार भारद्वाज, आयकर आयुक्त एकता जैन, आयकर आयुक्त शैलेश शर्मा, अपर आयकर आयुक्त गौतम सिंह सहित आयकर विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
साइक्लोथॉन स्टैच्यू सर्किल से प्रारंभ होकर जवाहरलाल नेहरू मार्ग से गुजरी और पुनः प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। आयोजन में आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने नियमित साइक्लिंग को स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आयकर दिवस के उपलक्ष्य में विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है। इसके अंतर्गत ज्योति नगर और मालवीय नगर स्थित आयकर कॉलोनियों में चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जयपुर के चयनित विद्यालयों में भी इस सप्ताह ऐसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को ज्योति नगर एवं मालवीय नगर आयकर कॉलोनियों सहित विभाग के विभिन्न कार्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयकर विभाग ने कहा कि उसके अधिकारी और कर्मचारी अपनी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पित सेवाओं के माध्यम से राजस्व संग्रह के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी निरंतर सक्रिय और महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
