



खाटूश्यामजी में श्रद्धालुओं को होटल-गेस्ट हाउस में कमरा लेने का दबाव बनाने और बदसलूकी की शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई
सीकर/खाटूश्यामजी। धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले 18 लपकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग श्रद्धालुओं पर अपने परिचितों के होटल और गेस्ट हाउस में कमरा लेने का दबाव बनाते थे। मना करने या विरोध करने पर श्रद्धालुओं से बदसलूकी करते और कई बार मारपीट पर उतारू हो जाते थे।
खाटूश्यामजी के कार्यवाहक SHO दिनेश कुमार ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को तोरण द्वार, अस्पताल चौराहा, मंडा चौराहा सहित अन्य स्थानों से पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल चावरिया, वीरेंद्र कुमार, हर्षित गोयल, ओम प्रकाश, अजीत सिंह, प्रवीण कुमार, अजय कुमार नायक, करण वर्मा, प्रशांत दायमा, बलराम यादव, दिलसुख गुर्जर, हरिराम बंजारा, विक्रम सैनी, राहुल कुमावत, हरिओम, सचिन जैन, दिनेश कुमार कुमावत और अंकित सैनी शामिल हैं।
श्रद्धालुओं पर कमरा बुक कराने का दबाव
पुलिस के अनुसार आरोपी खाटूश्यामजी में आने वाले भक्तों को अपने परिचित लोगों के होटल और गेस्ट हाउस में ठहराने के लिए दबाव बनाते थे। यदि कोई श्रद्धालु उनकी बात मानने से इनकार करता था, तो आरोपी उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगते थे। इस तरह की शिकायतें लगातार सामने आने के बाद पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की।
पहले भी सामने आ चुकी है विवाद की घटना
गौरतलब है कि खाटूश्यामजी में 26 मई को गेस्ट ले जाने की बात को लेकर युवक कारण कुमावत पर जानलेवा हमला हुआ था। इस घटना के बाद से पुलिस धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि खाटूश्यामजी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को परेशान करने, जबरन होटल या गेस्ट हाउस में ले जाने का दबाव बनाने और अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।