Monday, 24 August 2026

नगरीय निकाय चुनाव-2026: रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण, चुनावी तैयारियों में लापरवाही पर निर्वाचन आयुक्त सख्त


नगरीय निकाय चुनाव-2026: रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण, चुनावी तैयारियों में लापरवाही पर निर्वाचन आयुक्त सख्त

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को प्रदेशभर के रिटर्निंग अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए इस प्रशिक्षण की अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने की।

कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों से संबंधित अधिकारी जुड़े। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव की तैयारियों, नामांकन, मतदान, मतगणना, मतदाता सूची, दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं और संवेदनशील मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलेवार चुनाव तैयारियों की समीक्षा

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर उनके जिलों में अब तक हुई चुनावी तैयारियों और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिलेवार समीक्षा करते हुए चुनाव कार्य में सामने आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।

मतदाता सूची अपडेट करने पर विशेष जोर

बैठक में मतदाता सूचियों में संशोधन और अद्यतन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना बेहद जरूरी है।

दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और आयोग द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध करा दी जाएं।

संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की तैयारियों पर भी चर्चा

प्रशिक्षण में संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान और वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने अधिकारियों से ऐसे मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता रखने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा।

लापरवाही पर जताई नाराजगी

चुनाव तैयारियों में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरतने वाले कुछ जिलों और अधिकारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने नाराजगी जताई।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों की पूरी तरह पालना करें और चुनाव संबंधी कार्य समय पर पूरे करें।

नामांकन से मतगणना तक समझाई जिम्मेदारियां

प्रशिक्षण के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें नामांकन पत्र प्राप्त करने और जांचने, मतदान प्रक्रिया, मतगणना तथा चुनाव परिणाम से जुड़ी जिम्मेदारियों को शामिल किया गया।

अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं और नियमों के बारे में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।

निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव पर फोकस

राजेश्वर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सुचारू तरीके से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, चुनावी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा तथा आयोग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts