Monday, 24 August 2026

प्रो. निष्ठा जसवाल को शेखावाटी यूनिवर्सिटी VC का अतिरिक्त कार्यभार, डॉ. अनिल राय ने छोड़ा पद


प्रो. निष्ठा जसवाल को शेखावाटी यूनिवर्सिटी VC का अतिरिक्त कार्यभार, डॉ. अनिल राय ने छोड़ा पद

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीकर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी यूनिवर्सिटी के कुलपति पद का अतिरिक्त कार्यभार प्रो. निष्ठा जसवाल को सौंपा गया है। प्रो. जसवाल ने विश्वविद्यालय पहुंचकर निवर्तमान कुलपति डॉ. अनिल राय से कार्यभार ग्रहण कर लिया।

डॉ. अनिल राय को उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड यूनिवर्सिटी का कुलपति नियुक्त किया गया है। उनका शेखावाटी यूनिवर्सिटी में कार्यकाल 26 सितंबर को पूरा होना था, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

राज्यपाल ने मंजूर किया था इस्तीफा

डॉ. अनिल राय के इस्तीफे को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने स्वीकार कर लिया था। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति पद की जिम्मेदारी अस्थायी रूप से प्रो. निष्ठा जसवाल को दी गई।

प्रो. जसवाल वर्तमान में जयपुर स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी की कुलपति हैं। अब वे शेखावाटी यूनिवर्सिटी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर हुआ स्वागत

प्रो. निष्ठा जसवाल के विश्वविद्यालय पहुंचने पर रजिस्ट्रार डॉ. श्वेता यादव ने उनकी अगवानी की। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से डॉ. अनिल राय से कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर एग्जाम कंट्रोलर प्रो. राजेंद्र सिंह, डिप्टी रजिस्ट्रार रामसिंह सरावग, असिस्टेंट सेक्रेटरी (संपदा) कन्हैया लाल जांगिड़, आईटी डिप्टी डायरेक्टर प्रियंका सुंडा और डॉ. बी.एस. राठौड़ सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दो विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी संभालेंगी

प्रो. निष्ठा जसवाल के पास फिलहाल डॉ. बी.आर. अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी, जयपुर का कुलपति पद है। शेखावाटी यूनिवर्सिटी का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद वे दोनों संस्थानों की प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगी।

अब विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की नियुक्ति तक प्रशासनिक और शैक्षणिक कामकाज उनके निर्देशन में संचालित होगा।

    Previous
    Next

    Related Posts