



राजस्थान पैरा थ्रोबॉल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। एसोसिएशन द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार प्रदेश में पैरा थ्रोबॉल खेल को मजबूत करने और दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
नई कार्यकारिणी में ब्रजराज सिंह शेखावत को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ललित शर्मा को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गौरव सोलंकी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा ऋषभ राजवंशी और सुशीला सारस्वत को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पप्पू सिंह और नेमीचंद यादव को सचिव तथा हिरल राठौड़ को संगठन मंत्री बनाया गया है।
एसोसिएशन ने विश्वास व्यक्त किया है कि नवगठित कार्यकारिणी प्रदेशभर में पैरा थ्रोबॉल खेल के विकास की दिशा में प्रभावी कार्य करेगी। संगठन का लक्ष्य जिला स्तर पर इकाइयों का गठन, खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन, प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार करना और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की भागीदारी को मजबूत बनाना है।
गौरतलब है कि हाल के समय में राजस्थान की पैरा थ्रोबॉल के क्षेत्र में सक्रियता बढ़ी है। राज्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो चुका है और आगामी एशियाई स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारियों में भी राजस्थान की महत्वपूर्ण भागीदारी मानी जा रही है।
नवनियुक्त महासचिव ललित शर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पैरा थ्रोबॉल को नई पहचान दिलाने के लिए शीघ्र ही सदस्यता अभियान, जिला इकाइयों का गठन, प्रशिक्षण शिविर और विभिन्न प्रतियोगिताओं की विस्तृत रूपरेखा घोषित की जाएगी।
एसोसिएशन ने प्रदेश के खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों से पैरा थ्रोबॉल के विकास में सहयोग की अपील की है।