Thursday, 09 July 2026

जयपुर अजमेर रोड हादसे में ट्रोला चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त, मालिक से पूछताछ जारी


जयपुर अजमेर रोड हादसे में ट्रोला चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त, मालिक से पूछताछ जारी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर साउथ पुलिस ने 200 फीट बाईपास स्थित होटल अमर पैलेस के सामने हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में ट्रोला चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों और उनके पिता की मौत हो गई थी, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रोला भी जब्त कर लिया है। वाहन मालिक को डिटेन कर उससे पूछताछ की जा रही है।

श्याम नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक सतवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र 42 वर्ष है और वह गांव आजड़ोली, तहसील डीडवाना, जिला डीडवाना-कुचामन का निवासी है।

डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि 7 जुलाई की सुबह करीब 8:45 बजे ट्रोला नंबर RJ19GF8085 दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने होटल अमर पैलेस के सामने अजमेर रोड पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे एक परिवार को टक्कर मार दी।

हादसे में परिवार के तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का उपचार जारी है। हादसे के बाद आरोपी चालक घायलों की मदद करने और पुलिस को सूचना देने के बजाय मौके से फरार हो गया था।

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक की तलाश शुरू की। श्याम नगर थाना पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए चालक सतवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रोला भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अब वाहन मालिक से भी पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा और चालक से जुड़े दस्तावेज नियमानुसार थे या नहीं। साथ ही हादसे के समय वाहन की गति, चालक की लापरवाही और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

इस हादसे ने जयपुर की परिवहन व्यवस्था, अवैध बस स्टॉपेज और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts