



भाग्यम वेलपैड-12 के पास घटना, करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र में खेत प्रभावित होने का दावा
बाड़मेर। जिले में क्रूड ऑयल पाइपलाइन लीकेज का मामला सामने आया है। भाग्यम वेलपैड-12 के पास पाइपलाइन से क्रूड ऑयल का रिसाव होने के कारण आसपास के किसानों के खेतों में तेल फैल गया। स्थानीय किसानों का दावा है कि रिसाव से करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र तक खेत प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन से पिछले करीब 12 घंटे से क्रूड ऑयल का रिसाव हो रहा है। खेतों में तेल फैलने से फसलों और मिट्टी को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि रिसाव के कारण खेतों की उपजाऊ जमीन प्रभावित हो रही है और समय पर नियंत्रण नहीं होने से नुकसान और बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की जानकारी होने के बावजूद कंपनी के कार्मिक मौके पर समय पर नहीं पहुंचे। किसानों ने यह भी कहा कि लंबे समय तक रिसाव बंद नहीं किया गया, जिससे खेतों में क्रूड ऑयल फैलता चला गया।
किसानों ने प्रशासन और संबंधित कंपनी से तत्काल मौके पर पहुंचकर रिसाव रोकने, प्रभावित खेतों का सर्वे कराने और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि क्रूड ऑयल से प्रभावित भूमि की सफाई और सुधार के लिए भी विशेष कदम उठाए जाने चाहिए।
घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते रिसाव पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इससे न केवल खेतों को नुकसान होगा, बल्कि पर्यावरण और भूजल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।