



पचपदरा में राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण समारोह से करेंगे 41 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास
पचपदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा के पचपदरा में आयोजित राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण समारोह के अवसर पर जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 का शिलान्यास करेंगे। करीब 13 हजार 37 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली यह परियोजना जयपुर शहर के औद्योगिक, आवासीय और प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्रों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
जयपुर मेट्रो फेज-2 के अंतर्गत प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की नई जीवनरेखा के रूप में कार्य करेगा। परियोजना में कुल 36 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
इस परियोजना का क्रियान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। यह भारत सरकार और राजस्थान सरकार की 50:50 साझेदारी वाली संयुक्त कंपनी है। प्रधानमंत्री की इस सौगात से जयपुर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र सीतापुरा और वीकेआईए को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी तथा आमजन को सुगम, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
जयपुर मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा। परियोजना में एयरपोर्ट क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होंगे, जिससे शहर में एकीकृत और निरंतर मेट्रो नेटवर्क तैयार हो सकेगा।
वर्तमान में जयपुर में फेज-1 के तहत मानसरोवर से बड़ी चौपड़ तक 11.64 किलोमीटर लंबी मेट्रो सेवा संचालित है, जिसमें 11 स्टेशन हैं। प्रस्तावित फेज-2 उत्तर-दक्षिण दिशा में इस नेटवर्क का बड़ा विस्तार करेगा और शहर के यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
केन्द्रीय केबिनेट से मंजूरी के बाद जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने फेज-2 के पहले पैकेज के तहत 918.04 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों के लिए एलओए जारी कर दिया है। इसके तहत प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक 12 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के लिए एलिवेटेड वायाडक्ट और 10 एलिवेटेड स्टेशनों का डिजाइन एवं निर्माण किया जाएगा।
पहले पैकेज में प्रहलादपुरा, मानपुरा, बीलवा कलां, बीलवा, गोनेर मोड़, सीतापुरा, जेईसीसी, कुंभा मार्ग, हल्दीघाटी गेट और पिंजरापोल गोशाला स्टेशन शामिल हैं। इसके साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 के डिपो की ओर जाने वाली स्पर लाइन का निर्माण भी किया जाएगा।
इस परियोजना के साकार होने से जयपुर शहर में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़कर यात्रियों के लिए आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा।
जयपुर मेट्रो फेज-2 के तहत चाकसू और चौमूं सहित आसपास के कस्बों को निकटतम प्रहलादपुरा और टोड़ी स्टेशनों से जोड़ने के लिए बस सेवाएं संचालित करने की योजना भी बनाई जाएगी। इससे जयपुर शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 50 हजार यात्री जयपुर मेट्रो से सफर कर रहे हैं। फेज-2 के पूर्ण होने के बाद यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन लगभग 2.5 लाख यात्री होने की संभावना है। आगामी वर्षों में यात्रियों की संख्या 4 लाख से अधिक तक पहुंचने का अनुमान है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 को शहर के भविष्य के यातायात प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण और शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। यह परियोजना औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय कॉलोनियों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट को जोड़ते हुए जयपुर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगी।