Friday, 03 July 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी का किया निरीक्षण


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी का किया निरीक्षण

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को दिया अंतिम रूप, सुरक्षा और जन सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

बालोतरा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को पचपदरा पहुंचकर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम सहित विभिन्न यूनिट्स का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्बाध और सुचारू रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा प्रबंधों का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम राजस्थान के लिए ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखें। कार्यक्रम स्थल पर आमजन की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और सुचारू आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को पचपदरा में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिले वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 75 लाख लोग राजस्थान रिफाइनरी के उद्घाटन के इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा के पचपदरा से भारत की प्रथम ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

इस दौरान केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, एचआरआरएल और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts