



पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, राजस्थान के सभी एचपीसीएल आउटलेट्स पर लगाए गए 10 हजार पौधे
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित मंडापुरा में एचपीसीएल के नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के सभी एचपीसीएल आउटलेट्स पर कुल 10 हजार पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पौधारोपण जैसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नए फ्लैगशिप रिटेल आउटलेट पर फूड प्लाजा सुविधा भी आमजन को समर्पित की। एचपीसीएल प्रतिनिधियों ने बताया कि इस आउटलेट का निर्माण राजस्थानी थीम पर किया गया है, जिसमें स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं का समन्वय देखने को मिलता है।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ देश की ईंधन क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी राजस्थान के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पश्चिमी राजस्थान सहित पूरे राज्य की अर्थव्यवस्था को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक अरुण चौधरी, हमीर सिंह भायल, डॉ. प्रियंका चौधरी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचपीसीएल के सीएमडी विकास कौशल सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और एचपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।