Thursday, 02 July 2026

राजस्थान में मानसून की एंट्री, जयपुर सहित 10 से ज्यादा जिलों में बारिश


राजस्थान में मानसून की एंट्री, जयपुर सहित 10 से ज्यादा जिलों में बारिश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक के टोरडी सागर में 4 इंच से अधिक बरसात, मौसम विभाग ने 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया

जयपुर। राजस्थान में गुरुवार को मानसून की एंट्री के साथ ही कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया। जयपुर, दौसा, चित्तौड़गढ़, अलवर, अजमेर, प्रतापगढ़, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, भरतपुर और उदयपुर सहित 10 से अधिक जिलों में बरसात हुई। बारिश के बाद कई इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र स्थित टोरडी सागर में 4 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं चित्तौड़गढ़ में एक से डेढ़ इंच तक बारिश रिकॉर्ड हुई। अलवर में तेज बारिश के बाद रूपारेल नदी में पानी बहने लगा। कई स्थानों पर तेज बरसात से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी।

सीकर जिले के नीम का थाना क्षेत्र में बारिश के बाद सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। उदयपुर के ऋषभदेव क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक बारिश हुई। दौसा जिले के कई इलाकों में पानी भरने से आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले दो दिनों से बदले मौसम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के बाद जयपुर सहित पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हालांकि राजस्थान-पाकिस्तान सीमा से लगे जिलों में अब भी तेज गर्मी का असर बना हुआ है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में मानसून की दस्तक से किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई और खेतों में नमी की स्थिति बेहतर हो सकती है। वहीं आगामी दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने पर प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Previous
Next

Related Posts